छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटेंगी

छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटेंगी
Share this

रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल अब खत्म होने जा रही है। 30 दिनों से अधिक समय से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारी आज दोपहर से काम पर लौट सकते हैं। सूत्रों के अनुसार सरकार और कर्मचारियों के बीच अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज दोपहर आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।

NHM कर्मचारी वेतनमान, सेवा स्थायीकरण सहित कई मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। जानकारी के अनुसार, उनकी करीब 5 प्रमुख मांगों पर सहमति बन चुकी है और आदेश भी जारी हो चुके हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है।

इस बीच, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने गुरुवार देर रात सभी जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को निर्देश दिए थे कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटते, उनके खिलाफ तत्काल बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने खाली पदों की सूची तैयार कर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए थे।