Share this
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। गेन्सविले शहर में एक छोटे विमान को व्यस्त सड़क पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान सड़क पर चल रही कई गाड़ियों से टकरा गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक, यह सिंगल इंजन वाला छोटा विमान था, जिसने ब्राउन्स ब्रिज रोड और पर्ल निक्स पार्कवे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पायलट ने दोपहर करीब 12:10 बजे इंजन में खराबी की सूचना दी थी।
इंजन फेल होने के कारण सड़क पर उतरा विमान
अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने बताया कि विमान ने गेन्सविले के ली गिल्मर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और यह कैंटन स्थित चेरोकी काउंटी रीजनल एयरपोर्ट जा रहा था। उड़ान के कुछ ही समय बाद विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसमें हवा में बने रहने की पर्याप्त शक्ति नहीं बची।
इसी कारण पायलट को मजबूरन सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। उस वक्त सड़क पर भारी ट्रैफिक मौजूद था। लैंडिंग के बाद विमान तीन वाहनों से टकरा गया।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजा ‘मे डे’ सिग्नल
NTSB के अनुसार, इंजन खराबी का पता चलते ही पायलट ने विमान को वापस गेन्सविले की ओर मोड़ने का फैसला किया। अटलांटा न्यूज़ फर्स्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मिले ऑडियो में पायलट को मदद मांगते हुए सुना गया। पायलट ने कहा,
“मे डे, मे डे, मे डे… गेन्सविले।”
फिलहाल इस घटना की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने राहत की सांस ली है कि यह हादसा किसी बड़ी त्रासदी में तब्दील नहीं हुआ।










