मुख्यमंत्री ने यूपीएससी 2025 में सफल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों को दी बधाई

1772884007 d4cc791c4f37fb9953bf
Share this

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान खरसिया (रायगढ़) निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव, तथा एमसीबी जिले के जनकपुर निवासी दर्शना सिंह से बातचीत की। उन्होंने उनके परिवारजनों से भी संवाद कर इस उपलब्धि पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य के बल पर प्रतिष्ठित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊँचाई को प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ से युवाओं का सिविल सेवा में चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे यह सिद्ध होता है कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमारे युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊर्जा और दिशा देने वाली प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए जनसेवा में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।