स्पेस ऑन व्हील्स’ बना जशपुर के बच्चों के लिए अंतरिक्ष ज्ञान का चलता-फिरता विद्यालय

1776438379 b4158b3533a79ba5a128
Share this

जशपुर। अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जशपुर जिले में आयोजित “स्पेस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम ने स्कूली बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया है। रणजीता स्टेडियम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस के आगमन ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष की दुनिया से सीधे जोड़ दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए रॉकेट, उपग्रह और विभिन्न अंतरिक्ष मिशनों के मॉडलों को देखा। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी वैज्ञानिक समझ और जिज्ञासा की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं—अंशु पासवान, भूमिका डाहरे और सारिका साहनी—ने आगे बढ़कर चंद्रयान और मंगलयान सहित अंतरिक्ष तकनीकों की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया। छात्राओं के आत्मविश्वास और ज्ञान से प्रभावित मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहलें दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने “स्पेस ऑन व्हील्स” अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए तथा “द मैजिक ऑफ नाइट स्काई” पुस्तिका भी वितरित की। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक ही विकास की आधारशिला है और ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण बच्चों में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करते हैं।

यह पहल “अन्वेषण” कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है, जिसमें विज्ञान भारती का सहयोग प्राप्त है। 7 अप्रैल से शुरू हुआ यह अभियान 14 दिनों तक चलेगा और जिले के विभिन्न विकासखंडों के स्कूलों में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी दी जा रही है। अनुमान है कि इस अभियान से 10 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

“स्पेस ऑन व्हील्स” एक अत्याधुनिक मोबाइल प्रदर्शनी है, जिसमें पीएसएलवी, जीएसएलवी, आरएलवी, रिमोट सेंसिंग, कम्युनिकेशन और नेविगेशन सैटेलाइट्स के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। ऑडियो-विजुअल माध्यम, इंटरएक्टिव पैनल और लाइव डेमो के जरिए जटिल अंतरिक्ष तकनीकों को आसान भाषा में समझाया जा रहा है।

1776438340 efb06e9b5671fd300533

इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। विशेषज्ञों और व्याख्याताओं द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे यह पहल खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।

जशपुर में “स्पेस ऑन व्हील्स” का यह अभियान युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ जिले को भविष्य में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।