Gossiping Will Be Costly: चुगली करना पड़ेगा महंगा… 5 हजार देना होगा जुर्माना… ग्रामसभा का सख्त फैसला…शराब पर पहले से ही 10 हजार का दंड

ChatGPT Image Feb 21 2026 06 00 44 PM
Share this

बालोद:  जिले के मेढ़की गांव में अब चुगली करना महंगा पड़ सकता है। ग्राम समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से चुगली करने पर 5,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

 

यह फैसला गांव में हाल ही में हुए विवाद के बाद लिया गया। कुछ सप्ताह पहले चुगली और आपसी टिप्पणियों के कारण दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। चौक-चौराहों पर बैठकर की गई बातों से माहौल खराब हो गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक बुलाई।

बैठक में चर्चा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि चुगली गांव में मनमुटाव और विवाद की मुख्य वजह बन रही है। ग्रामसभा ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्णय लिया कि सार्वजनिक स्थल, धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रमों में किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी पर पूर्ण रोक रहेगी।

शराब पर पहले से सख्ती

गांव में पहले से ही शराब को लेकर कड़े नियम लागू हैं। शराब बेचने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 10,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। इसके अलावा, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर शामिल होने पर 5,000 रुपए का दंड तय किया गया है।

ग्राम समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों की सूचना देने वालों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। जुर्माने की राशि जनहित और विकास कार्यों में खर्च की जाती है।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की पहल

सरपंच मंजूलता परस साहू, ग्राम पटेल होरी लाल गजपाल, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह नियम गांव में शांति, भाईचारा और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से बनाया गया है।

अपर कलेक्टर अजय किशोर ने कहा कि यह ग्राम समिति का निर्णय है और प्रशासन इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।

ग्रामीणों का मानना है कि इन नियमों के पालन से गांव में सामाजिक सामंजस्य और अनुशासन बना रहेगा तथा युवा और बुजुर्ग विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।